महुआ में सेवा सेतु शिविर, ई-केवाईसी व आधार सीडिंग प्रकरणों का मौके पर निस्तारण
राशन डीलरों की बैठक में वितरण व्यवस्था सुचारू रखने एवं शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

महवा / मोहन तिवाड़ी
महुआ, 30 सितम्बर 2026
राज्य सरकार के निर्देशानुसार बुधवार को महुआ ब्लॉक में सेवा सेतु शिविर का आयोजन एसडीएम मुख्यालय पर किया गया। शिविर में महुआ ब्लॉक के सभी राशन डीलरों ने भाग लिया।
शिविर में ई-केवाईसी से वंचित लाभार्थियों एवं आधार सीडिंग से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा पात्र लाभार्थियों से जुड़े प्रकरणों का आवश्यक कार्यवाही करते हुए मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी राशन डीलरों को दी गई।
इस दौरान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों, लाभार्थियों की समस्याओं तथा उनके समयबद्ध निस्तारण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। राशन वितरण व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर में महुआ एसडीएम प्रेमराज जी व प्रवर्तन निरीक्षक अमित जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने राशन डीलरों को खाद्य सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से पहुंचाने तथा वितरण प्रणाली को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष रहे ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं अन्य विभागीय कार्यों में सक्रियता से सहयोग करने तथा लाभार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान कर पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ उपलब्ध कराना रहा।




